AusAlert क्या है?
AusAlert एक राष्ट्रीय चेतावनी प्रणाली है, जो मोबाइल फोन, टैबलेट और स्मार्ट वॉच जैसे कंपैटिबल मोबाइल डिवाइसों पर आपात संदेश (एमर्जेंसी मैसेज) भेजने के लिए सबसे नई तकनीकी का उपयोग करती है।
यह इन स्थानीय और राष्ट्रीय आपातस्थितियों के दौरान आपको सूचित और बेहतर तरीके से तैयार रहने में सहायता देने का एक तेज और भरोसेमंद तरीका है, जैसे:
- बुशफायर
- बाढ़
- चक्रवात
- सुनामी
- भीषण आँधी या मौसम-संबंधी घटनाएं
- जनस्वास्थ्य आपातस्थितियाँ
- सुरक्षा-संबंधी खतरे
- जैवसुरक्षा-संबंधी घटनाएं।
यदि आप ऑस्ट्रेलिया में रहते/ती हैं या आप किसी दूसरे देश से आए/ई हैं, तो आप जिस क्षेत्र में हैं, वहां कोई आपातस्थिति या आपदा होने पर आपको एक AusAlert प्राप्त हो सकता है।
AusAlerts ऑस्ट्रेलियाई SIM कार्ड या eSIM के बिना भी कंपैटिबल मोबाइल डिवाइसों पर प्राप्त हो सकते हैं।
कंपैटिबल मोबाइल डिवाइसों में iOS 26.4 या इसके बाद के संस्करणों पर चलने वाले iPhone 11 और इससे ऊपर, और Android 12 या इसके बाद के संस्करणों पर चलने वाले Android फोन और टैबलेट शामिल हैं।
आप AusAlert पर भरोसा कर सकते/ती हैं
AusAlert को ऑस्ट्रेलिया सरकार द्वारा विकसित किया गया है और यह सुरक्षित व संरक्षित है।
AusAlert:
- आपके व्यक्तिगत या पैसों से संबंधित विवरण कभी नहीं पूछेगा
- आपकी व्यक्तिगत जानकारी नहीं जानता है या उसे स्टोर नहीं करता है
- आपका फोन नंबर नहीं जानता है या उसे स्टोर नहीं करता है
- आपकी लोकेशन को ट्रैक नहीं करता है
- आपके लिए साइन-अप करना आवश्यक नहीं बनाता है।
AusAlert प्राप्त होना
आपके पास AusAlert संदेश अंग्रेज़ी में आएंगे। यदि आप किसी अन्य देश से ऑस्ट्रेलिया आए/ई हैं, या आपकी पहली भाषा अंग्रेज़ी नहीं है, तो AusAlert को पढ़ना और समझना कठिन हो सकता है।
एक AusAlert इस तरह सुनाई देता है।
आप अपने मोबाइल डिवाइस के आधार पर इस तरीके से AusAlert संदेश का अनुवाद अपनी पहली भाषा में कर सकते/ती हैं:
एलर्ट पर दबाएं
टेक्स्ट को कॉपी करें
इसे किसी ऐप या वेबसाइट में पेस्ट करें, जो आपकी चुनी हुई भाषा में स्वतः अनुवाद करती है।
AusAlerts में महत्वपूर्ण आपातकालीन जानकारी होती है।
इनमें शामिल होगा:
- आपातकाल का प्रकार
- यह कहाँ है
- यह कितना गंभीर है
- कैसे जवाब की आवश्यकता है
- और अधिक जानकारी कहाँ मिल सकती है।
यदि आपको एक AusAlert प्राप्त होता है, तो आपको निर्देश पढ़ने चाहिए और उनका पालन करना चाहिए, ताकि आप खुद को और दूसरों को सुरक्षित रख सकें।
दो प्रकार के AusAlerts हैं।
महत्वपूर्ण एलर्ट्स:
- सबसे गंभीर आपातस्थितियों में इस्तेमाल किए जाते हैं
- आपके मोबाइल डिवाइस में वाइब्रेशन और लगभग 10 सेकंड के लिए जोर से सायरन-जैसी आवाज होती है
- आपके डिवाइस के 'साइलेंट' या 'डू नॉट डिस्टर्ब' पर होने की स्थिति में भी डिलीवर होते हैं
- आपके मोबाइल डिवाइस की सेटिंग्स में स्विच ऑफ नहीं किए जा सकते हैं।
प्राथमिकता एलर्ट्स:
- ऐसी आपातस्थितियों में इस्तेमाल किए जाते हैं, जब परिस्थितियों के बदलने के कारण खतरे का स्तर बढ़ रहा होता है
- आपके मोबाइल डिवाइस में वाइब्रेशन और लगभग 10 सेकंड के लिए जोर से सायरन-जैसी आवाज हो सकती है, लेकिन यह आपके डिवाइस की सेटिंग्स पर निर्भर करता है
- आपके डिवाइस के 'साइलेंट' या 'डू नॉट डिस्टर्ब' पर होने की स्थिति में डिलीवर नहीं होते हैं
- आपके मोबाइल डिवाइस की सेटिंग्स में स्विच ऑफ किए जा सकते हैं।
ड्राइव और सवारी करते समय
यदि आपको ड्राइव या सवारी करते समय AusAlert प्राप्त होता है, तो शांत रहें और अपना फोन न उठाएं, क्योंकि ऐसा करना गैर-कानूनी है। एलर्ट की आवाज लगभग 10 सेकंड के बाद बंद हो जानी चाहिए। जब आप ऐसा कर सकें, तो गाड़ी रोकने और संदेश पढ़ने के लिए एक सुरक्षित और कानूनी स्थान खोजें।
AusAlert पढ़ने में सहायता
यदि आपको AusAlert संदेश को समझने में सहायता चाहिए:
- परिवार के किसी सदस्य, दोस्त या किसी ऐसे व्यक्ति से आपके लिए इसे पढ़ने का आग्रह करें जो अंग्रेज़ी समझने में सक्षम हो
- स्थानीय या राष्ट्रीय टीवी या रेडियो जैसे अन्य आपातकालीन संचार चैनल, ऐप्स या वेबसाइटें देखें
- एलर्ट ढूंढने के लिए ausalert.gov.au/current-alerts पर जाएं और किसी ऐप या वेबसाइट के उपयोग से इसका अनुवाद अपनी पसंदीदा भाषा में करें।
यदि आपको अंग्रेज़ी के अलावा किसी अन्य भाषा में अतिरिक्त सहायता चाहिए, तो इस पृष्ठ और वेबसाइट के भाषा अनुभाग में दिए गए संसाधनों से सहायता मिल सकती है।